
बीकानेर. जलदाय विभाग द्वारा रामपुरा बस्ती में दूषित जलापूर्ति से मोहल्ले के बच्चे आए दिन बीमार हो रहे हैं। हाल ही में आधा दर्जन से अधिक बच्चे जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से सात बच्चों के पीलिया रोग की चिकित्सकों ने पुष्टि की। कई बच्चों को उपचार कर घर भेज दिया गया। शेष का इलाज चल रहा है। बच्चों के बीमार होने की वजह दूषित पानी पीना बताया जा रहा है।
हालात यह है कि वर्तमान रामपुरा बस्ती की १४, १५, १७ व १८ नंबर गली में कोई न कोई दूषित पानी का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई दिनों से क्षेत्र में पानी मटमैले व चिकनाई युक्त दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। इस संबंध जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में अब बच्चे पीलिया के शिकार हो रहे हैं। रामपुरा बस्ती के विनोद कुमार ने बताया कि उसके दो बच्चे दूषित पानी पीने से बीमार हो गए, जो तीन दिन से जिला अस्पताल में भर्ती है।
उल्टी-दस्त व पीलिया से ग्रस्त बच्चे अस्पताल में भर्ती हुए हैं। तीन-चार बच्चों में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई।
डॉ. बीएल हटीला, प्रभारी जिला अस्पताल