
बीकानेर. ट्रेनों के आने-जाने की सही व सटीक जानकारी अब यात्रियों को मिलेगी। इसके लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने १1 स्टेशनों पर स्थापित डेटा लोगर को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान से जोड़ दिया है। आमतौर पर यात्रियों की शिकायत रहती है कि ट्रेन पूछताछ में कई बार ट्रेनों का समय ठीक प्रकार से फीड नहीं की जाती है, और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती। इसके निवारण के लिए रेल मंत्री की पहल पर उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक टीपी सिंह ने इस व्यवस्था को प्राथमिकता से लागू करने के प्रयास किए हैं।
वरिष्ठ वाणिज्य मंडल प्रबंधक अभय शर्मा ने बताया कि उत्तर-पश्चिम रेलवे के 11 प्रमुख स्टेशनों को डाटा लोगर से जोड़ा गया हैं। इसमें बीकानेर मण्डल के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हिसार स्टेशन व जयपुर मण्डल के रेवाड़ी, बांदीकुई, अलवर एवं जयपुर स्टेशन, अजमेर मण्डल के मदार, मारवाड़ एवं उदयपुर स्टेशन, जोधपुर मण्डल के जोधपुर स्टेशन शामिल हैं। यह कार्य भारतीय रेलवे में सर्वप्रथम उत्तर-पश्चिम रेलवे पर किया गया है।
इस तरह करेगा कार्य
इस कार्य को पूर्णतया डिजिटलाइज करने का कार्य शुरू किया गया। इसमें स्टेशनों पर स्थित डेटा लोगर में ट्रेन के स्टेशन पर आते ही उसकी सूचना रिकॉर्ड हो जाती है। ट्रेनों के स्टेशन पर आने व रवानगी की फीडिंग के साथ जोड़ा गया है। यह डिजिटल होने के कारण यात्रियों को सटीक जानकारी मिलेगी। ट्रेनों की वास्तविक और विश्वसनीय जानकारी प्राप्त होगी। मानव श्रम की भी बचत होगी। रेलवे को भी ट्रेनों के समय-पालन की मॉनिटरिंग कर बेहतर बनाने में भी सहायता प्राप्त होगी।