
बीकानेर. रेलवे सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों में एलएचबी कोच लगा रहा है। बीकानेर मंडल में चलने वाली कई ट्रेनों में ये कोच लगाए जा चुके हैं। वरिष्ठ वाणिज्य मंडल प्रबंधक अभय शर्मा ने बताया कि यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगाए जा रहे हैं।
ट्रेन संख्या 16587/16588, यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर एक्सप्रेस में यशवंतपुर से 12 अगस्त से और बीकानेर से 14 अगस्त से एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इस ट्रेन में एक फस्र्ट एसी, एक सैकण्ड एसी, तीन थर्ड एसी, आठ द्वितीय शयनयान श्रेणी, पांच साधारण श्रेणी एवं दो पॉवरकार सहित कुल 20 कोच होंगे।
ये हैं खूबियां
सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों में एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाए जा रहे हैं। उच्च तकनीक से निर्मित ये कोच दुर्घटना में सुरक्षित साबित होते हैं। इनकी समयावधि 35 साल, जबकि सामान्य कोच की 25 साल है। इसमें बायो टॉयलेट हैं। इनकी 160 से 200 किमी प्रति घंटे तक दौड़ सकने की क्षमता हैं। आम कोच की बजाय इनमें आवाज कम होती है। प्रत्येक कोच में 80 सीटें होती हैं, जबकि सामान्य कोच में 65 से 72 तक सीटें होती है।