The big impact of the news of Rajasthan Patrika: अवैध खनन क्षेत्रों में पसरा रहा सन्नाटा, अधिकारी नहीं गए-video
कार्रवाई से बचने के लिए अवैध खनन क्षेत्रों से हटाए वाहन
राजस्थान पत्रिका की खबर का बड़ा असर
डाबी. बरड़ के अवैध खनन क्षेत्रों में सोमवार को सन्नाटा पसरा रहा। रविवार को चल रहे दर्जनों ट्रैक्टर मय कम्प्रेशर, लोडर, जेसीबी डंपर व मजदूर कार्रवाई के भय से नदारद नजर आए। पीलिया, गुढ़ा, राजपुरा में खनन बंद होने पर दिनभर चर्चा रही। हालांकि सभी जगहों पर अवैध खनन के निशान ताजा दिखे। शाम तक खनन विभाग की ओर से किसी प्रकार की कोई कार्यवाई की जानकारी नहीं मिली। मामला राजस्थान पत्रिका ने उठाया था। बेरोकटोक अवैध खनन से धरा हो रही छलनी खबर के बाद अवैध खनन कर रहे लोग कार्रवाई से बचने के लिए वाहनों के साथ गायब हो गए।
पुलिस कार्रवाई में खुल रही पोल
9 अप्रेल को डाबी थाना पुलिस ने अवैध खनन पर कार्रवाई कर खेड़ा से गुढ़ा के पहले सडक के पास खेत से अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर मय कम्प्रेशर को जब्त किए थे। तीन जनों को पकड़ा था। लेकिन खनि विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा।
उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट का इंतजार
बरड़ क्षेत्र में बिना लीज के ही कृषि भूमि, राजस्व व सिवायचक भूमि पर बड़े -बड़े गहरे गड्डे कर खनन कर रहे। पीलिया, राजपुरा, मोलाट रोड़, थडी, लाम्बाखोह, धनेश्वर, गुढ़ा, भवानीपुरा, उटनी का चौक ऐसे स्थान बताए जिनमें बिना लीज व अनुज्ञापत्र के बेरोकटोक अवैध खनन कर रहे। कुछ दिन पहले खनि विभाग, कानूनगो व पटवारी की संयुक्त टीम खनन क्षेत्रों का दौरा कर रिपोर्ट बनाई थी।