Bundi crime news: चोरों ने दो घरों में की वारदात, पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी-video
जजावर. कस्बे के माताजी के झोपड़े में बुधवार रात को अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। जानकारी के अनुसार माताजी के झोपड़े निवासी रामकिशन माली के घर के मकान की कुंडी को काटकर चोरों ने बक्से व संदूक में से आठ हजार रुपए की नगदी, 200 ग्राम चांदी के पायजेब, 50 ग्राम चांदी की चैन उड़ा ली।
इसी तरह चोरों ने लादू माली के घर से संदूक को उठाकर झैठाल माताजी की तलहटी पर ले आए। जहां संदूक को खोलकर संदूक में रखे कुंगाल्ली 200 ग्राम चांदी की, कडूल्या चांदी के 50 ग्राम निकाल लिए। संदूक की पहचान नाम लिखे होने से हुई। सूचना पर नैनवां थाना से मोहन लाल एएसआई मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस ने जांच पड़ताल की। दोनो पीडि़तो ने पुलिस को रिपोर्ट सौंपी।
चोरो के पास तलवार व लकड़ी थे
प्रत्यक्षदर्शी हेमराज ने बताया कि रात के 3.30 बजे करीब शोच करने के लिए उठा तो मैंने कुछ आदमियों की फुसफुसाहट सुनी। जिसके बाद मैने उन आदमियों का पीछा भी किया। उन आदमियों के पास तलवार व लकडिय़ां होने से थोड़ा पीछे हट गया। बाद में हेमराज ने झैठाल माताजी के भोपा को जगाकर उन आदमियों के बारे में अवगत कराया। जहां टॉर्च के उजाले से उनको देखने की कोशिश भी की। लेकिन चोर खोड़ी की और निकल गए। इधर खोड़ी गांव में भी तीन लोगों के चोरी होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज,नही मिली सफलता
पुलिस ने झैटाल माताजी मंदिर में सीसीटीवी कैमरे में घंटो तक देखा, लेकिन सफलता नहीं मिली। माताजी के भोपा ने बताया कि अज्ञात आदमियों ने मंदिर को ओर पत्थर व ईट भी फेंकी है। जिनको सुबह एक तरफ किया गया।