Chief Minister Chiranjeevi Health Insurance Scheme: नि:शुल्क इलाज के साथ मिलेगा पांच लाख का दुर्घटना बीमा -video
चिरंजीवी योजना से जुड़ने वाला हर परिवार होगा पात्र
बूंदी. मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़े परिवारों को अब राज्य सरकार की ओर से चिरंजीवी दुर्घटना बीमा का भी लाभ मिल सकेगा। जी हां । इसमें वह सभी पारिवारिक सदस्य पात्र लाभार्थी होंगे, जो मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीकृत हो चुके। बीमा योजना से जुड़े परिवार के सदस्य की दुर्घटना में मृत्यु पर पांच लाख रुपए का नि:शुल्क दुर्घटना बीमा कवर दिया जाएगा। पूर्ण स्थाई अपंगता की स्थिति में आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से यह योजना एक मई से शुरू की गई। बूंदी जिले में 74.50 प्रतिशत का पंजीयन हो चुका।
दुर्घटना घटित होने पर परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना लागू की गई। पहले संचालित मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पात्र परिवारों को योजना में वर्णित दुर्घटनाओं की स्थिति में बीमा कवर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह बीमा योजना प्रारंभ की गई थी।
यह रहेगी पात्रता
इस योजना में वह परिवार शामिल होंगे, जो मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बीमित पश्रिरवार के रूप में सम्मिलित हुए। इन परिवार के अतिरिक्त अन्य कोई भी परिवार मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में सम्मिलित नहीं माना जाएगा।
74 फीसदी परिवार योजना से जुड़े
जिले में 3 लाख 27 हजार 964 जनआधार परिवारों में से 2 लाख 44 हजार 330 परिवार यानि कुल 74.50 प्रतिशत परिवार चिरंजीवी योजना से जुड़ चुके। इसमें 1 लाख 95 हजार 55 खाद्य सुरक्षा परिवार, 38 हजार 180 लघु सीमांत किसान परिवार, एक हजार 670 संविदाकर्मी आदि के परिवार शामिल हुए। 6 हजार 992 ऐसे जागरूक परिवार रहे जिन्होंने 850 रुपए वार्षिक प्रीमियम राशि देकर योजना में शामिल हुए। अब तक जिले में 7 हजार 667 परिवार लाभान्वित हो चुके।
’मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में ही दुर्घटना बीमा योजना भी शुरू की गई। इसमें वहीं परिवार पात्र होंगे, जिन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में अपना पंजीयन कराया। इसके लिए अलग से किसी प्रकार के आवेदन की आवश्यकता नहीं।
डॉ.महेंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बूंदी