बूंदी. जिले में रविवार को बारिश की झड़ी लगी रही। बूंदी शहर में सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुई । बरसात का दौर बीच-बीच में कुछ देर रुकने के बाद फिर से शुरू होती रही। लगातार मध्यम दर्जे की बरसात होने से शहर की सडक़ों पर जगह-जगह पानी जमा हो गया।
यहां लाइन पुलिस रोड, खोजा गेट, लंका गेट, मीरा गेट, बहादूर सिंह सर्किल, रणजीत टॉंकीज के बाहर, सर्किल हाऊस सहित कई जगहों पर पानी जमा हो गया। दिसम्बर माह में सावन की झड़ी लगी रही। दुपहिया वाहनों पर निकलने वाले वाहन चालक बारिश के बचने का जतन करते रहे। लगातार बारिश होने से मौसम में भी ठण्डक बढ़ गई। वहीं ऐसे में लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन करते नजर आए। रविवार को अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कापरेन, भंडेड़ा, डाबी, तालेड़ा, बरूंधन, करवर में भी बारिश दर्ज की गई।