Minister of State for Sports Ashok Chandna : खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने 32 करोड़ लागत के विकास कार्यों की रखी आधारशिला
सादेड़ा में 19.51 करोड़ से मिनी बांध, 12.50 करोड़ से दबलाना उच्च स्तरीय पुल का होगा निर्माण
बूंदी. दबलाना. भंडेड़ा. युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि जनता का प्यार मिलता रहे, क्षेत्र में विकास कार्य में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जो कार्य आजादी के बाद नहीं हुए वह कार्य पांच साल में करवाएं जाएंगे।
राज्यमंत्री चांदना शनिवार को सादेड़ा में 19.51 करोड़ की लागत से मिनी बांध व 12.50 करोड़ की लागत से बनने वाली दबलाना पुलिया के शिलान्यास समारोह में ग्रामीणों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिण्डोली व नैनवां में 55 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत संबंधी कार्यों को करवाया गया, जिसका परिणाम यह रहा कि क्षेत्र के किसानों को अब सर्दी के मौसम में भी दिन में बिजली आपूर्ति सुलभ हो रही। इससे किसानों को भरपूर राहत मिली। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए तालाबगांव के समीप 350 करोड़ की लागत से मेडीकल कॉलेज का निर्माण शुरू हुआ, इससे क्षेत्र के लोगों को राज्य स्तरीय उपचार की सुविधा यही मिलने लगेगी। उन्होंने भरोसा दिया कि हिण्डोली-नैनवां क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के लिए कोई कोर कसर नहीं रखी जाएगी।
बेहतरीन होगी कनेक्टिविटी
राज्यमंत्री ने दावा किया कि क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाकर आमजन को बेहतरीन कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके लिए 40 करोड़ रुपये की लागत से बूंदी से मेंडी, 68 करोड़ की लागत से धनावा से नैनवां तक सड़क निर्माण करवाया जा रहा है।
अब क्षेत्र के छोटे-छोटे गांव व मजरों में सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। सडक़ विकास के इन कार्यों से लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर चांदना ने कहा कि दबलाना पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करवाया जाएगा।
अब पूरी कर पाएंगे शिक्षा, आगे बढ़ेंगे युवा
चांदना ने कहा कि आगे बढऩे के लिए शिक्षा सबसे बड़ी जरूरत है। क्षेत्र की महत्वूपर्ण जरूरत को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा के प्रबंध यही कर दिए हैं। हिण्डोली व नैनवां में सरकारी कॉलेज, हिण्डोली में मेडीकल कॉलेज, कृषि कॉलेज खोले जा चुके हैं। अब नर्सिंग कॉलेज भी स्वीकृत हो गया। निश्चित रूप से इनसे बच्चों की उच्च शिक्षा का मार्ग मजबूत होगा। क्षेत्र के युवाओं को इससे आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
सादेड़ा में रखी मिनी बांध की आधारशिला
राज्यमंत्री चांदना ने भंडेड़ा क्षेत्र के सादेडा गांव के पास मेज नदी पर 19 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मिनी बांध की विधिवत पूजा -अर्चना कर आधार शिला रखी। कार्यक्रम में जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर, उप जिला प्रमुख बंशीलाल मीणा, जिला परिषद सदस्य अंजना जैन, ओमप्रकाश जैन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। 19.51 करोड़ की लागत से बनने वाले इस मिनी बांध से क्षेत्र के 40 गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। साथ ही क्षेत्र की पेयजल गुणवत्ता में सुधार होगा। जल संसाधन विभाग की ओर से बनाए जा रहे 29 मिलियन घन फीट भराव क्षमता के इस मिनी बांध की चौड़ाई 110 मीटर, ऊंचाई 5 मीटर होगी।
12.50 करोड़ से बनेगी दबलाना की पुलिया
चांदना ने 12.50 करोड़ रुपये की लागत से मेज नदी पर दबलाना के समीप धनावा-दबलाना-बांसी-नैनवां मार्ग पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास किया। पुलिया निर्माण होने क्षेत्र के लोगों का बरसात के मौसम में आवागमन में बाधा से मुक्ति मिलेगी।