Bundi plantation: पौधरोपण कर ली सार संभाल की जिम्मेदारी-video
बूंदी. रोटरी क्लब एवं बूंदी शहर में सामाजिक कार्य करने वाली 41 संस्थाओं के संयुक्त तत्वाधान में आज दधिमती माताजी मंदिर से फूल सागर रोड पर सड़क के दोनों तरफ मय ट्री गार्ड पौधा रोपण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी थे। अध्यक्षता सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता वीके जैन ने की। विशिष्ट अतिथि आरके जैमिनी, एजाजुद्दीन अंसारी, अरबन बैंक चेयरमैन सत्येश शर्मा, गांधी दर्शन समिति के जिला संयोजक राजकुमार माथुर रहे। कार्यक्रम से पूर्व रोटरी क्लब अध्यक्ष विश्वनाथ शृंगी ने अतिथियों का माल्यार्पण कर शाब्दिक स्वागत किया। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ऋतुराज दाधीच ने क्लब और सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाए गए 41 पौधों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वाटिका समिति एवं दाधीच समाज के अध्यक्ष द्वारा पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी ली गई है।
जिला कलक्टर डॉक्टर गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण आवश्यक है। इससे हमें शुद्ध हवा मिलती है। जिससे मनुष्य, जीव जंतु भी शुद्ध सांस ले पाते है। उन्होंने कहा कि बेहतरीन बूंदी अभियान के तहत पौधारोपण भी जरुरी है यह भी हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा दधिमती माता मंदिर के द्वार पर आशा पाला के पौधे की पूजा अर्चना के साथ रोपण किया गया। शहर की संस्थाओं द्वारा लगाए गए पौधों का मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने अवलोकन किया।