खुश खबर: ट्रोमा सेंटर भवन निर्माण का कार्यादेश जारी-video
नैनवां. नैनवां में एनएच 148डी पर ट्रोमा सेंटर निर्माण का कार्य शुरू करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता ने एक करोड़ 46 लाख 68 हजार 228 रुपए की राशि का कार्यादेश जारी कर ठेकेदार को दस दिन में कार्य शुरू करने का आदेश जारी कर दिया। ठेकेदार को कार्य को 6 माह में पूरा करना होगा।
कार्यादेश जारी हो जाने से अब तीन वर्ष से अटके पड़े ट्रोमा सेंटर का कार्य शुरू होने का रास्ता खुल गया। ट्रोमा सेंटर की स्थापना कर लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि के स्वीकृत हो रहे थे। एक करोड़ 46 लाख 68 हजार 228 रुपए की लागत से भवन का निर्माण होने के बाद शेष राशि से ट्रोमा में चिकित्सा सुविधा उपकरण की खरीद की जाएगी।
नैनवां में उपजिला चिकित्सालय के लिए आवंटित भूमि पर हाइवे के सहारे ही ट्रॉमा सेंटर का निर्माण होगा। उपजिला चिकित्सालय के साथ ही ट्रोमा सेंटर के निर्माण के लिए 10 मई 2022 को हाइवे पर हनुवंतपुरा मोड़ पर खसरा संख्या 954 व 955 में 30 बीघा भूमि का आवंटन कर रखा है। जहां पर अब ट्रॉमा सेंटर निर्माण के लिए राशि जारी हो गई।
दो राजमार्गों पर घायलों को मिलेगी उपचार सुविधा
जहां ट्रोमा सेंटर के निर्माण होगा वहां से दो राज्यमार्ग एनएच 148डी व एसएच 34 निकल रहे है। दोनों ही राजमार्गों पर सौ-सौ किमी पहले उपचार की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। ट्रोमा के निर्माण से दोनों राजमार्गों पर दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल उपचार की सुविधा मिलेगी। साथ ही समीप वाले टोंक जिले के उनियारा, नगरफोर्ट, दूनी तहसीलों के भी पचास से अधिक गांवों के लोगों को भी अन्य घटनाओं में घायलों को भी चिकित्सा सुविधा मिलने लगेगी।
पत्रिका उठाती रही आवाज
नैनवां में उपजिला चिकित्सालय भवन निर्माण के बजट व ट्रॉमा सेंटर को लेकर राजस्थान पत्रिका लगातार खबरें प्रकाशित कर मामले को उठाता आ रहा था। पत्रिका द्वारा उठाई आवाज से बड़ी चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलने जा रहा है।
राज्यमंत्री का कहना
खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि नैनवां-हिण्डोली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए वचनबद्ध है। ट्रोमा सेंटर का निर्माण कार्य शुरू करने का कार्यादेश जारी हो गया। जो क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। शीघ्र ही ट्रोमा सेंटर का शिलान्यास होगा।