श्रमिक से कहासुनी के बाद अटका लदान का कार्य-video
रामगंजबालाजी. कुंवारती कृषि उपज मंडी में बुधवार रात को एक ठेकेदार द्वारा श्रमिकों को धमकी देने के बाद में यहां लदान का कार्य नहीं हो सका।
जानकारी अनुसार कृषि उपज मंडी में इन दिनों धान की बंपर आवक होने के साथ ही यहां पर बिहार के श्रमिकों द्वारा लदान का कार्य ट्रैक्टर ट्रॉलियों में किया जा रहा था। बुधवार रात्रि के समय एक मिल के ठेकेदार द्वारा श्रमिकों को हाथ पैर तोड़ने की धमकी देने के बाद में लदान करने से हाथ खड़े कर दिए।
ऐसे में मंडी के दो प्लेटफार्म पर बुधवार को खरीद किए गए माल का लदान नहीं हो सका। उधर इस मामले को लेकर हम्माल संघ अध्यक्ष राजेश राठौर ने श्रमिकों से वार्ता करके मामले को सुलझाया। आगे से हम्मालों के साथ में कुछ भी कहासुनी करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करवाने के आश्वासन के बाद लदान का कार्य शुरू किया।
लदान करने वाले श्रमिकों की है कमी
मंडी सूत्रों की माने तो वर्तमान में धान की आवक के अनुरूप यहां पर लदान करने वाले श्रमिक नहीं होने के चलते संपूर्ण कार्य रोजाना नहीं हो पा रहा। बिहार में मनाए जाने वाले छठ त्योहार को लेकर अभी यहां पर कुछ ही श्रमिक आए हैं। यहां पर वर्तमान में 6 प्वाइंटों पर लदान का कार्य बिहार के श्रमिकों द्वारा किया जा रहा है।