बस स्टैंड पर नहीं है यात्री प्रतिक्षालय, सर्दी व बरसात में होती है यात्रियों को परेशानी-video
भण्डेड़ा. क्षेत्र के बांसी कस्बे में बस स्टैंड पर यात्रियों के ठहरने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है। यात्री प्रतिक्षालय नहीं होने से इधर-उधर बैठकर इंतजार करना पड़ता है। यहां पर रात्रि के समय ठहरने के लिए अनजान व्यक्ति को रात गुजारने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। वही बरसात में दिन के समय भी यात्रियों को बरसात से बचाव के लिए आसपास की दुकानों की शरण लेने की मजबूरी बनती है। यहां पर जल्दी यात्री प्रतीक्षालय बने, तो रात्रि के समय ठहराव करने वाले राहगीरों सहित आमजन को राहत मिले।
जानकारी के अनुसार बांसी में हर समय यहां पर दुरदराज व आसपास के गांवों से आने वाले ग्रामीणों को बांसी पहुंचकर ही अपने गंतव्य स्थान पहुंचने के लिए यहां आकर वाहनों के लिए इंतजार करना पडता है। तब तक यहां दूकानों की शरण लेकर अपना समय व्यथित करना पड़ता है। कभी कभार तो दूकानों पर भी दूकानदार को भी जगह का अभाव बन जाता है।
शाम के समय बरसात चलने पर क्षेत्र के नदी, नालो में बरसाती पानी उफान आने पर बहुत से राहगीरों का सफर थम जाता है। रात गुजारने के लिए इधर-उधर भटकने की मजबूरी बन जाती है। बरसाती दिनों में कभी-कभी तो दो दिन तक नदीनालो में उफान रहने से यहां पर रुके यात्रियों को ठहरने के लिए जगह का अभाव हो जाता है।
क्षेत्र के लगभग 30 से 40 गांव लगते है, जो उपखंड व जिला मुख्यालय के लिए आवागमन के लिए यही पर पहुंचकर अपने गंतव्य स्थान के लिए आना जाना पडता है। यहां पर यात्री प्रतीक्षालय की सुविधा उपलब्ध हो तो राहगीरों व बेसहारा लोगों को रात्रि विश्राम करने के लिए समुचित जगह मिल सके रात्रि विश्राम व बरसाती समय में निजी वाहनों के लिए इंतजार करने वाले राहगीरों को भी बरसात से होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।
बरसाती दिनों में चाय की थडिय़ों पर राहगीरों की खासी भीड़ रहने से थडियों के व्यवसाय करने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करते नजर आते है। अनजान व्यक्ति रात्रि के समय विश्राम करने वाले जगह तलाश करते हुए नजर आते है। जो बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के एटीएम कक्ष के सामने बरामदे में ठहरकर रात्रि विश्राम करते नजर आते है। सर्दी की शुरुआत में ही ऐसे हालात है, तो आगामी सर्दभरी रातों में लोग परेशान होते नजर आएंगे।
इन गांवों से आते है यात्री
क्षेत्र के भण्डेड़ा, माधोराजपुरा, सादेड़ा, गुजरियाखेड़ा, डोड़ी, उरांसी, मानपुरा, रामगंज, कल्याणपुरा, कालानला, मुण्डली, मरां, फलास्थूनी, बांसी सहित कई अन्य ग्रामीण अंचलों से लोग यहां पहुंचकर अपने गंतव्य मार्ग के लिए यातायात के साधनों में बैठते है। यहां यात्री प्रतीक्षालय की दरकार है।