15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बूंदी

बरसात से खेत में कटकर पड़ी फसलें गलने लगी-video

शहर में रविवार को इन्द्र देव मेहरबान रहा। बारिश होने से जनजीवन प्रभावित रहा।

Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Sep 17, 2023

बरसात से खेत में कटकर पड़ी फसलें गलने लगी-video
केशवरायपाटन. शहर में रविवार को इन्द्र देव मेहरबान रहा। बारिश होने से जनजीवन प्रभावित रहा। शहर में बाबा रामदेव महाराज शोभा यात्रा के समय बारिश आने से लोग पानी में भीगते रहे। लगातार हो रही बारिश से धान उत्पादकों के चेहरों में रौनक छा गई।

डाबी. बरड़ क्षेत्र में शनिवार को शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार देर शाम तक जारी रहा। रविवार अल सुबह से शुरू हुआ रिमझिम बारिश का दौर दोपहर तक चलता रहा।
रामगंजबालाजी. क्षेत्र के गांवों में रिमझिम बारिश का दौर रहने से आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही बरसात से जहां एक और धान उत्पादक किसानों ने खुशी जाहिर की है। वहीं अन्य फसलों वाले किसान चिंतित हैं।

देई. कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में रविवार को सुबह से ही बरसात जारी रही। लगातार बरसात से कस्बे में होकर गुजर रहे स्टेट हाइवे 34 नैनवां बूंदी सडक़ मार्ग की मुख्य सडक़ पर पानी भरने पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इन्द्रगढ़. कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में देर रात से ही रिमझिम व मध्यम दर्जे की बारिश का दौरा जारी रहा।बारिश से जहां खेत में कट कर पड़ी सोयाबीन, उड़द, ज्वार, मक्का, बाजरा आदि की फसलें गलने लगी है, वहीं बारिश का दौरा नहीं थमने एवं धूप नहीं निकलने से अब यह फसलें सड़ांध मारने लगी है।

किसानों की चिंता बढ़ी
खटकड़. कस्बे सहित क्षेत्र में पिछले चार दिन से हो रही बरसात का क्रम रविवार को भी जारी रहा। पिछले चार दिनों से क्षेत्र में हो रही बरसात से धान उत्पादक किसानों को तो राहत मिली है, लेकिन खेतों में कटकर पड़ी या पकी हुई उड़द, मूंग और मक्का जैसी फसलों के खराब होने की आशंका के चलते किसानों की चिंता बढ़ी हुई है।
भण्डेड़ा. कस्बा सहित क्षेत्र में रविवार को दिन की शुरुआत रिमझिम बारिश की बूंदों के साथ हुई है। शाम पौने पांच बजे से मध्यम दर्जें की बारिश हुई, जो दस मिनट तक चली है। इधर, खेतों में कटी पडी उड़द की फसल में फलियों में ही बीज अंकुरित होने लग गया है।

फसलों में खराबा
आकोदा. क्षेत्र में रविवार सुबह से ही बरसात का दौर शुरू हो गया। इससे उड़द, सोयाबीन की फसल नष्ट हो गई। हरिपुरा निवासी कालू लाल मीणा ने बताया कि उसके 15 बीघा की उड़द की फसल कट कर खेत में पड़ी हुई थी, जो लगातार बरसात के कारण उड़द का प्रत्येक दाना अंकुरित हो गया।अनेक किसानों के अरमानों पर बरसात ने पानी फेर दिया। क्षेत्र के किसानों ने सरकार से उचित गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग की।

बारिश से मकान ढहा
पेच की बावड़ी. क्षेत्र के ग्राम स्वरूपगढ में रविवार को बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया, हालाकि कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी अनुसार कजोड़ी बाई पत्नी छोटू लाल मीना का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।