रक्तदंतिका माता मंदिर में लूट की घटना में घायल व्यक्ति की मौत-video
हिण्डोली. थाना क्षेत्र के ग्राम सथूर में रक्तदंतिका माता मंदिर में 10 दिन पूर्व हुई आभूषण की लूट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए राजू प्रजापत (45) की बुधवार देर रात को जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रजापत की मौत की सूचना के बाद सथूर व आसपास के गांव के लोग मंदिर परिसर में पहुंचे। जहां पर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहयोग सहित अन्य मांगों को लेकर माता मंदिर के बाहर ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार रात को अज्ञात लुटेरों ने मंदिर में सीढिय़ों के सहारे प्रवेश कर 7 तोला सोना और 12 किलो चांदी लूटकर ले गए। इस दौरान वहां सो रहे राजू प्रजापत पर भी लुटेरों ने हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी स्थिति नाजुक हो गई। उसे उपचार के लिए कोटा चिकित्सालय ले गए। जहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया। जयपुर में बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम करवा कर शाम को परिजनों को सौंप दिया। मृतक का शव रात तक सथूर पहुंचेगा।