नैनवां. नालियों का पानी नींव में जाने से शहर के सदर बाजार में क्षतिग्रस्त हुई एक दो मंजिला दुकान ढह गई, जिस समय दुकान ढही उस समय बाजार से गुजर रहे दो बाइक सवार, पैदल निकल रही एक महिला व एक स्कूटी सवार बाल बाल बच गए। दुकान का मलबा बाजार में गिरने की आवाज के साथ ही बाजार में हडकम्प मच गया। लोग यह देखने दौड़े की कोई मलबे में तो नहीं दब गया। मलबे में कोई दबा नजर नहीं आया तो राहत की सांस ली।
सूचना पर तत्काल ही नैनवां थाना अधिकारी कमलेश कुमार शर्मा भी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। ढही दुकान के आसपास जमा लोगों की भीड़ को हटाया। मलबा विद्युत खम्भे पर गिरने से बाजार की बिजली बंद कराई।
नालियों के पानी की रिसाव से क्षतिग्रस्त हुई प्याऊ के पास की दो मंजिला दुकान क्षतिग्रस्त हो गई थी। रात आठ बजे दुकान मालिक श्रमिकों से दूसरी मंजिल की छत की क्षतिग्रस्त दीवार को हटवा रहे थे। दीवार को ढहाना शुरू किया था कि उसी क्षण दुकान ढह गई। दुकान की छत पर काम कर रहे श्रमिक भी बाल बच गए। बाजार में दोनों तरफ बैरिकैड्स लगाकर आवाजाही बंद करवाकर मौके पर पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया।
अन्य दुकानें भी ढहने की स्थित में
दुकानों के समीप होकर वर्षो पुरानी निकल रही नालियों की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण क्षतिग्रस्त नालियों का सारा पानी दुकानों की नींव में जाने से दुकानों में दरारें आकर क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे दुकानों के गिरने की स्थिति हो जाने से दुकानें खाली कर दी थी। रात को जो दुकान ढही उसके पास की अन्य दुकानों के भी ढहने की स्थिति बनी होने से बाजार के लिए खतरा बना हुआ है।
पत्रिका ने चेताया था….
नालियों का पानी नींव में भरा-दरारें आने से दुकानें धंसने लगी, पांच दिन में डेढ़ दर्जन दुकानों में आई दरारें, दुकानें गिरने के डर से खाली करने लगे व्यापारी, शीर्षकों से राजस्थान पत्रिका ने लगातार खबरे प्रकाशित कर प्रशासन को चेताया जा चुका था।