
करवर. क्षेत्र की ग्राम पंचायत माणी के कल्याणीखेड गांव के समीप इंद्रगढ़ रोड पर स्थित बेशकीमती 7 बीघा भूमि से शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। अतिक्रमियों को पहले भी पाबंद किया गया था, लेकिन जमीन पर फिर अतिक्रमण कर लिया था।
जानकारी अनुसार ग्रामीणों ने स्थानीय ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ 8 जुलाई को मुख्य कार्यकारी अधिकारी व अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर आबादी के लिए आरक्षित भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इससे पहले ग्रामीणों ने उक्त भूमि पर अतिक्रमण करने की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की थी, जिस पर हलका पटवारी ने मौका रिपोर्ट तैयार कर अतिक्रमियों को पाबंद किया था,लेकिन अतिक्रमियों द्वारा फिर अतिक्रमण कर लिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने आबादी के लिए आरक्षित भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर उपखंड अधिकारी नैनवा, तहसीलदार नैनवां, विकास अधिकारी नैनवा, नायब तहसीलदार करवर, पुलिस थानाधिकारी करवर को ज्ञापन भी दिया था, लेकिन मामले में प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई थी, जिसके बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी व अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग रखी थी।
उपखंड अधिकारी नैनवा के आदेश पर शुक्रवार को नायब तहसीलदार पृथ्वी ङ्क्षसह, करवर थानाधिकारी राजाराम जाट, ग्राम विकास अधिकारी राकेश मीणा सहित सबंधित विभाग के कर्मिकों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जेसीबी के मदद से भूमि की सीमा पर लगी तारबंदी व पत्थर के पीलर को हटाया गया तथा भूमि पर खुदी नींव को मिट्टी डालकर समतल कर दिया।
सथूर में 6 बीघा आबादी भूमि से हटाया अतिक्रमण
हिण्डोली. ग्राम पंचायत सथूर के हरिपुरा रोड पर आबादी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन द्वारा हटाया गया। यहां पर 6 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया। तहसीलदार कमलेश कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत की शिकायत पर पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम मीणा,थाना प्रभारी पवन कुमार मीणा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे।जहां पर जेसीबी से एक ही परिवार के कई लोगों द्वारा किए गए 6 बीघा भूमि पर अतिक्रमण हटा दिए गए। अतिक्रमण हटाने में करीब 3 घंटे लगे। वहां पर ग्राम पंचायत का बोर्ड लगाकर जमीन ग्राम पंचायत को सौंप दी है।