देई. दिव्यश्रीश्याम मंदिर देईधाम पर मंगलवार को श्याम जन्मोत्सव एकादशी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पडा। हजारों की तादाद में श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे, जिससे मंदिर बाबा श्याम के जयकारों से गूंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान गुलाब पुष्प लिए पदयात्रा कनक दंडवत करते हुए बाबा के दरबार में मत्था टेककर मनोकामना मांगी।
श्रद्धालुओं का मंगला आरती से ही आना शुरू हो गया था, जो शयन आरती तक जारी रहा। बाबा के दरबार में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए दर्शनों के महिला पुरुष के लिए अलग अलग कतारें थी, जिनमे श्रद्धालुओं ने खडे रहकर दर्शनों के लिए इंतजार किया। मंदिर समिति पदाधिकारी सदस्य दिनभर व्यवस्थाओं मे जुट रहे। इस दौरान मंदिर में सुरक्षा के लिए पुलिस जाप्ते के साथ यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहे। बाबा श्याम के दर्शनों के लिए कोटा, बूंदी, लाखेरी, इन्द्रगढ, करवर, नैनवां, उनियारा, टोंक, निवाई, जयपुर, सवाईमाधोपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
छप्पन भोग की झांकी
देवउठनी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का दरबार पुष्पों से सजाया गया। बाबा श्याम की प्रतिमा का कोलकाता, दिल्ली जयपुर से मंगवाए गए विशेष पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के छप्पन भोग की झांकी सजाई। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन भण्डारे की व्यवस्था की गई। परिसर में श्रद्धालुओं ने भण्डारों में फलाहार,जलपान की व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए की। मंदिर पर विद्युत साज सजावट की गई।