
बूंदी. बूंदी की ऐतिहासिक कजली तीज माता की सवारी के स्वागत में गुरुवार रात को छोटीकाशी के बाशिंदों ने पलक पावड़े बिछा दिए। तीज माता की सवारी जिस मार्ग से निकली लोग एक झलक पाने को आतुर दिखे। शृंगार की प्रतीक कजली तीज माता की शोभायात्रा राजसी ठाठ-बाठ के साथ निकाली गई।
लोक संस्कृति की छठा बिखेरते चल रहे लोक कलाकार, नखराळी म्हारी बूंदी, आछी आई र बूंदी की तीजा, केसरिया बालम आओ न पधारो सरीखे गीतों पर थिरकते लोक कलाकार और घोडिय़ां को देख हर कोई थिरकने को मजबूर दिखा। पग-पग स्वागत से अभिभूत गणमान्य लोगों का हाथ जोडकऱ अभिवादन करते हुए चले। इससे पूर्व तीज मेला संयोजक मानस जैन व सभापति मधु नुवाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का साफा बंधवाकर गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया। शोभायात्रा में लोकसभा अध्यक्ष बिरला भी चले और लोगों का अभिवादन करते रहे। नगर परिषद की ओर से शोभायात्रा शाम को बालचंद पाड़ा रामप्रकाश टॉकिज से रवाना हुई,जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेला स्थल कुंभा स्टेडिय़म पहुंची,जहां विधिवत 15 दिवसीय तीज मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
शोभायात्रा के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमां जगमगाया। पग-पग पर तीज माता की अगवानी करते लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा में ऊंट, घोड़े, सजी-धजी बग्घी, आकर्षक झांकियां,मशक बैंड शामिल रहेे। इस दौरान ओएसडी राजीव दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, महावीर मोदी, सत्यप्रकाश नुवाल, इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच, भाजपा नेता रूपेश शर्मा, ओम धगाल, गौरव शर्मा, पार्षद टीकम जैन, सदीप यादव, बालकिशन सोनी, ओम जांगिड़, कमलेश रैगर, नवीन सिंह, सरोज अग्रवाल, माला भूटानी, कुसुम शर्मा, मीना सैनी, मोनिका शेरगढिय़ा, पेंशू सिंह, बबीता दाधीच सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लोक संस्कृति की बिखेरी छटा
शोभायात्रा में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। कलाकारों ने विभिन्न प्रकार की नृत्य व कलाकाओं को प्रदर्शन किया। शोभायात्रा मार्ग छतों व सडक़े अटी रही। शोभायात्रा के हर लम्हें को लोगों ने अपने कैमरे में कैद किया। पुलिस प्रशासन के माकूल बंदोबस्त रहे। शोभायात्रा में शामिल एक दर्जन से अधिक झांकिया आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में गणेश जी की झांकी,पैदल शिव की जीवंत झांकी,राधा-कृष्ण सहित अन्य झांकिया आकर्षण का केंद्र रही।
तीज हमारी संस्कृति का प्रतीक है: बिरला
बिरला ने कहा कि तीज महोत्सव हमारी समृद्ध गौरवशाली संस्कृति का प्रतीक पर्व है। यहां का मेला पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र हैं। इस उत्सव का वैभव और बढ़े, इसके लिए हम मिलकर प्रयास करेंगे। मांं पार्वती और भगवान शिव का आशीर्वाद बूंदी के मेरे परिवारजनों पर बना रहे।