कापरेन. क्षेत्र के बलकासा और आसपास के गांवो में बिगड़ रही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार रात को मेगा हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर विद्युत निगम के अधिकारी एवं कापरेन पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 45 मिनट की समझाइश और विद्युत आपूर्ति में सुधार के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम हटाया।
ग्रामीणो ने बताया कि बलकासा में पिछले तीन दिन से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बिगड़ी हुई है। चौबीस घंटे में कुछ देर ही बिजली आ रही है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने रात करीब आठ बजे मेगा हाइवे पर जाम लगा दिया। इससे हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। जाम लगाने की सूचना पर विद्युत निगम अधिकारी हरकत में आए और मौके पर पहुंचे।
विद्युत निगम के सहायक अभियंता पंकज नामा और मेघराज नागर ने बताया कि केशवरायपाटन में 132 केवी जीएसएस का एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। इस कारण एक ही ट्रांसफ ार्मर से आपूर्ति की जा रही है, जिससे गांव में आपूर्ति बाधित हो रही है। नया ट्रांसफ ार्मर लगाया जा चुका है और उसे चालू करने की प्रक्रिया जारी है। मंगलवार शाम तक कार्य पूरा हो जाएगा और गांव में आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।