बुरहानपुर. दिल्ली मुंबई रेलवे लाइन पर भुसावल से खंडवा जा रही कोयला से भरी मालगाड़ी की एक बोगी से धुंआ निकलने से हडक़ंप मच गया। जिसकी सूचना मिलते ही गाड़ी बुरहानपुर आने से पहले फायर वाहन मौके पर पहुंच गए। माल गाड़ी को बुरहानपुर स्टेशन के पास लूप लाइन पर खड़ा किया। यहां निगम के वाहनों से पानी डालकर बड़ी घटना को टाला गया। लेकिन इस घटना के बीच बुरहानपुर से गुजरने वाली राजधानी एक्स्प्रेस को भुसावल के पास पंद्रह मिनट के करीब रोका गया।
रविवार रात 8 बजे कोयले की मालगाड़ी को स्टेशन के पास रोका गया। मालगाड़ी के पहुंचते ही स्टेशन मास्टर, आरपीएफ के जवान पहुंचे। गार्ड से जानकारी लेकर वरिष्ठ अफसरों को सूचना दी गई। रेलवे अफसरों के अनुसार एक बोगी से धुआं निकलता देख पहले मालगाड़ी को दुस्खेड़ा स्टेशन पर रोका गया था, यहां पर पानी डालने के बाद भी धुआं निकलना बंद नहीं हुआ तो इसकी सूचना बुरहानपुर स्टेशन को देकर गाड़ी को रोका गया। करीब देड़ घंटे तक लूप लाइन पर ही मालगाड़ी खड़ी रही, लेकिन अफसरों ने ब्लॉक लेने के बाद ही बोगी में पानी डालने कार्य शुरू किया। फायर वाहनों के साथ आरपीएफ जवानों को खड़ा देख लोगों की भीड़ लग गई। जवानों ने भीड़ को हटाया।
अफसरों ने कहा यह सामान्य घटना
रेलवे अफसरों के अनुसार कोयले की मालगाड़ी में यह एक सामान्य घटना है। अधिक गर्मी और कही बार कोयलों के आपस में टकराने से बोगी से धुआं निकलता है, जो बोगी में साफ दिखाई देता है। कोयले की करीब 42 डिब्बों की मालगाड़ी खंडवा जा रही थी, जिसके पिछले हिस्से से 16 नंबर की बोगी से यह धुआं निकलता देख गाड़ी को स्टेशन पर रोक दिया गया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दो फायर वाहनों का पानी डालने के बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
यात्री गाड़ी को रोका, मांगा समय
बुरहानपुर स्टेशन पर मालगाड़ी से धुआं निकलने और पानी डालने की सूचना वरिष्ठ अफसरों को देने के बाद स्टेशन मास्टर ने दोनो लाइन पर ब्लॉक मांगा। पहले करीब 15 मिनट का ब्लॉक का समय दिया। जिसके कारण राजधानी एक्सप्रेस को भुसावल स्टेशन के पास खड़ा किया गया। जबकि खंडवा से आने वाली ट्रेनों को भी आसपास के छोटे स्टेशनों के पास रोका दिया गया। ब्लॉक खत्म होते ही सामान्य की तरह ट्रेन रवाना हुईं। मालगाड़ी लूप लाइन पर खड़ी रहने के कारण अधिक समय तक यात्री ट्रेन के ट्रैफिक पर इसका असर नहीं हुआ।