चेन्नई.
तमिलनाडु भाजपा के राज्य सचिव एसजी सूर्या को 16 जून की रात चेन्नई में मदुरै जिला साइबर अपराध पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब उन्हें 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मदुरै में रेस कॉर्स में जज के घर के बाहर भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हो गए। पुलिस को उन्हें काबू करने में पसीने छूट गए। भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा उबल पड़ा है। मदुरै जिला साइबर अपराध पुलिस ने चेन्नई में मदुरै सांसद सु वेंकटेशन पर अपने हालिया ट्वीट के संबंध में गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि सूर्या की गिरफ्तारी राज्य के मंत्री सेंथिल बालाजी को चेन्नई मेट्रोपॉलिटन सत्र अदालत द्वारा कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 23 जून तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेजे जाने के बाद हुई है।
यह है मामला
दरअसल, भाजपा के राज्य सचिव सूर्या ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पार्षद विश्वनाथन पर निशाना साधते हुए कहा था कि मदुरै के पेंनाडम परिषद के एक सफाई कर्मचारी की काम के दौरान मौत हो गई क्योंकि उसे मल के पानी में काम करने के लिए मजबूर किया गया था, जिसके कारण उनके शरीर में एलर्जी हो गई थी। अपने पत्र में सूर्या ने विश्वनाथन गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सफाई कर्मचारी को हाथ से मैला ढोने के लिए मजबूर किया, जो कानून अपराध है।
बीजेपी ने गिरफ्तारी को बताया निंदनीय
इस घटना की निंदा करते हुए राज्य भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलै ने ट्विटर पर कहा कि भाजपा के प्रदेश सचिव एसजी सूर्या की गिरफ्तारी बेहद निंदनीय है। उनकी एकमात्र गलती कम्युनिस्टों, डीएमके के सहयोगियों के घृणित दोहरे मानकों को उजागर करना था। उन्होंने कहा कि ये गिरफ्तारियां हमें रोक नहीं पाएंगी। उन्होंने कहा कि बोलने की आजादी को कम करने के लिए राज्य मशीनरी का उपयोग करना और थोड़ी सी आलोचना के लिए चिड़चिड़ा हो जाना लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेता के लिए अशोभनीय है और वास्तव में एक निरंकुश नेता बनने के संकेत हैं।
स्टालिन पर साधा निशाना
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलै ने ट्वीट के जरिए कहा कि निरंकुशों से प्रेरणा लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन राज्य को अराजक जंगल में बदल रहे हैं। ये गिरफ्तारियां हमें विचलित नहीं करेंगी और हम असहज सच्चाई के वाहक बने रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने एक ट्वीट के मामले में तमिलनाडु प्रदेश भाजपा के राज्य सचिव एसजी सूर्या को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और कांग्रेस एवं उनके अन्य सहयोगियों पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ट्वीट या पोस्ट के लिए पुलिस गिरफ्तारी का उपयोग कानून की उचित प्रक्रिया के अधिकार और बोलने की आजादी का अतिक्रमण है। यूपीए के दौरान कांग्रेस द्वारा धारा 66ए का दुरुपयोग करते हुए चुप कराने की यह सामान्य रणनीति थी। हाल ही में उनके राजवंशीय सहयोगियों ने भी ऐसा ही किया।