
चेन्नई. राजस्थान पत्रिका और एक्सनोरा इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में जारी हरित प्रदेश अभियान के तहत विश्व फॉरेस्ट दिवस एवं विश्व जल दिवस के मौके पर क्वीन मैरीस कॉलेज में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के डिपार्टमेंट ऑफ एनवायरमेंट एंड क्लाइमेट चेंज प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. मुथु कुमार ने वन विभाग के बारे में विद्यार्थियों को विशेष जानकारी दी। कॉलेज की इको क्लब अध्यापिका ने पर्यावरण की गुणवत्ता के बारे मे जानकारी दी। इस अवसर मौजूद विद्यार्थियों और अन्य ने ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाकर बहुमूल्य जल को व्यर्थ नहीं करने का संकल्प किया। सभी विद्यार्थियो को विभिन्न प्रकार के औषधीय गुणों के पौधे वितरण किए गए।
प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य
इस मौके पर एक्सनोरा नॉर्थ सचिव फतेहराज जैन ने कहा कि वन मानव जीवन के लिए बहुत उपयोगी हैं। वन हवा—पानी को स्वच्छ रखते हैं और जलवायु परिवर्तन से निपटने में अहम भूमिका निभाते हैं। वनों से हमें भोजन एवं जीवन रक्षक दवाएं मिलती हैं। इन बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हम पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि आए दिन पेड़ों की कटाई के कारण वनों का क्षेत्र कम होता जा रहा है। इस ओर ध्यान देना हमारा कर्तव्य है। देश के अधिकांश हिस्से पानी की कमी की समस्या से जूझ रहे हैं। पानी की कमी का मुख्य कारण है पर्याप्त बारिश नहीं होना। जैसे-जैसे पेड़ कम होते जा रहे हैं, बारिश दूरी बनाती जा रही है। इस समस्या से निपटने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौध रोपण किया जाना चाहिए।
इस दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण की जानकारी दी गई। इस मौके पर मोहन सुंदरम, इंद्रजीत, ससीकुमार, गोविंदराज, विश्वनाथ, सारथी एवं कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।