
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को चुनाव घोषणा पत्र जारी किया।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की सरगर्मी में मंगलवार को BJP ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। जेपी नड्डा की मौजूदगी में जारी हुए इस घोषणापत्र में महिलाओं, गिग वर्कर्स, किसानों और युवाओं के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की गई है। जानिए, भाजपा ने इस बार तमिलनाडु की जनता से क्या-क्या वादे किए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चेन्नई में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर भाजपा तमिलनाडु प्रभारी पीयूष गोयल, प्रदेशाध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और अन्य नेता भी मौजूद थे। घोषणापत्र में विशेष रूप से महिलाओं, गिग वर्कर्स, किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए योजनाएं शामिल की गई हैं। इसमें महंगाई और बढ़ती लागतों को लेकर मौजूदा डीएमके सरकार की आलोचना भी की गई।
घोषणापत्र में महिला मुखियाओं को हर महीने 2,000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया है। इसके अलावा हर परिवार को 10,000 रुपए की एकमुश्त सहायता देने का ऐलान भी किया गया, जिससे आर्थिक बोझ कम किया जा सके।
BJP के घोषणापत्र में महिलाओं के लिए सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है। महिला मुखियाओं को मासिक 2,000 रुपए सहायता, साथ ही पोंगल, तमिल न्यू ईयर और दीपावली पर साल में तीन बार मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया गया। महिला सुरक्षा के लिए जीरो-एफआईआर, फास्ट-ट्रैक कोर्ट, बसों में 100% सीसीटीवी कवरेज और निर्भया फंड के बेहतर इस्तेमाल की घोषणा की गई।
महिला उद्यमियों के लिए निर्माण इकाइयों को 50 लाख रुपए तक ब्याज मुक्त ऋण, सरकारी खरीद में 20% कोटा और ई-स्कूटर खरीदने पर 25,000 रुपए की सब्सिडी देने का वादा भी भाजपा ने किया है।
गिग वर्कर्स के लिए 100% ई-श्रम पोर्टल कवरेज, 1,500 रुपए मासिक ईवी चार्जिंग/ईंधन सब्सिडी, सुरक्षा किट और दुर्घटना बीमा कवर बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया जाएगा। युवाओं के लिए 2,000 प्रथम पीढ़ी के उद्यमियों को 15 लाख रुपए तक ब्याज मुक्त ऋण, जीएसटी प्रोत्साहन और सब्सिडी, और 1 लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया गया है।
छात्रों को 10 लाख रुपए तक ब्याज मुक्त ऋण, बेरोजगार कर्जदारों के लिए ऋण माफी, टॉपर्स को मुफ्त कोचिंग और जिलास्तरीय कोचिंग सेंटर स्थापित करने की घोषणा की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में वरिष्ठ नागरिकों के लिए वार्षिक मुफ्त स्वास्थ्य जांच, मोटरबाइक एंबुलेंस की संख्या दोगुनी करने और दुर्लभ बीमारियों के लिए 100 करोड़ रुपए के मिशन का ऐलान किया गया है। औद्योगिक विकास के लिए ‘भव्य’ के तहत 10 नए औद्योगिक पार्क और राज्यभर में औद्योगिक कॉरिडोर बढ़ाने की योजना है।
घोषणापत्र में तमिलनाडु ड्रग उन्मूलन विभाग की स्थापना, नारकोटिक्स इंटेलिजेंस विंग, हेल्पलाइन, फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा का वादा किया गया है। रेल और कनेक्टिविटी में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें, हाइड्रो पावर ट्रेन प्रोजेक्ट और उपनगरीय रेल सेवाओं का विस्तार प्रस्तावित है।
सांस्कृतिक प्रतिबद्धताओं में तिरुपरंकुंड्रम में कार्तिगै दीपम परंपरा को जारी रखने और तईपूसम को राज्य त्योहार घोषित करने का ऐलान किया गया। तीर्थ यात्रा के लिए ‘तेन तमिझगा तिरुत्थला यात्रा’ और स्थानीय निवासियों को मंदिरों में विशेष दर्शन समय देने की भी घोषणा की गई है। साथ ही, तमिलनाडु के 10 शहरों को भारत के 100 सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
Published on:
14 Apr 2026 04:50 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
