चूरू. जिले में राजफैड की ओर से क्रय-विक्रय सहकारी समितियों के जरिए समर्थन मूल्य पर की जा रही चना-सरसों की खरीद को लेकर किसानों में उत्साह है।
चूरू को छोड़कर जिले की अन्य कृषि उपज मंडियों में चल रहे खरीद केंद्रों पर किसान उपज बेचने के लिए आ रहे हैं। वहीं चूरू कृषि उपज मंडी स्थित क्रय विक्रय सहकारी समिति के खरीद केंद्र पर सात मई तक नौ ही किसानों ने चना व सरसों की उपज बेची है। किसानों की मानें तो खरीद में हुई देरी के कारण चूरू उपखंड के अधिकांश किसान बाजार में उपज बेच चुके हैं। इसलिए यहां किसान नहीं आ रहे हैं।
जिले की छह क्रय-विक्रय सहकारी समितियां एक हजार 440 किसानों से 14 करोड़ 94 लाख 83 हजार 40 रुपए कीमत के 33 हजार 691 क्विंटल चना व सरसों खरीद चुकी है। कार्यालय उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, चूरू के आंकड़ों पर गौर करें सबसे अधिक 147 किसानों ने रतनगढ़ में तीन हजार 394 क्विंटल चना व 203 किसानों ने चार हजार 611.50 क्विंटल सरसों बेची है।
चूरू मंडी में छाई वीरानी
भले ही अन्य मंडियों में खरीद का काम परवान पर चल रहा हो। मगर चूरू कृषि उपज मंडी में आज भी वीरानी छाई हुई है। केवीके की ओर से भी यहां ना तो अब तक तुलाई के लिए कांटे लगाए गए हैं और ना ही यहां कहीं बारदाना पड़ा नजर आ रहा है। उपज बेचने के लिए आने वाले किसानों के लिए यहां छांव-पानी का इंतजाम भी नहीं किया गया है।
यहां इतने किसान हैं पंजीकृत
तहसील सरसों चना
चूरू 172 12
तारानगर 762 1087
रतनगढ़ 1448 2473
सुजानगढ़ 2427 3625
सरदारशहर 2418 1812
सादुलपुर 1065 1694
कुल 8292 10703
——————————
यहां इतने किसानों ने बेचा चना
समिति कृषक मात्रा
तारानगर 113 2646.00
सुजानगढ़ 131 3048.50
सादुलपुर 138 3131.50
चूरू 002 46.0
रतनगढ़ 147 3394.00
सरदारशहर 34 796.0
कुल 565 13062 क्विं
———————–
यहां इतने किसानों ने बेची सरसों
समिति कृषक मात्रा
तारानगर 102 2363.00
सुजानगढ़ 193 4686.00
सादुलपुर 218 5233.00
चूरू 07 151.50
रतनगढ़ 203 4611.50
सरदारशहर 152 3584.00
कुल 875 20629.00 क्विं.
————————-
खुले में पड़ा है इतना चना-सरसों
सात मई तक खरीदी गई चना-सरसों की 33 हजार 691 क्विंटल उपज में से अब तक 29 हजार 913.50 क्विंटल वेयर हाउस में भिजवाई जा चुकी है। शेष तीन हजार 777.50 क्विंटल उपज मंडियों में खुले में पड़ी है।
चूरू में पंजीकृत किसानों की संख्या कम ही है। शेष अन्य मंडियों में खरीद का काम अच्छी गति से चल रहा है।
राजेंद्र सैनी, उप रजिस्ट्रार
कार्यालय उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, चूरू