चूरू. अंचल के धोरों में पड़ रही प्रचंड गर्मी का असर शनिवार को भी जारी रहा। भट्टी सी तपती सड़कों पर गर्मी के कारण दोपहर में सन्नाटा सा पसरा रहा। श्रीगंगानगर के बाद चूरू में अब तक का सर्वाधिक तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग का तापमापी पारा राज्य में सबसे अधिक ५०.८ डिग्री पर जा पहुंचा। न्यूनतम ३२.२ डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के मुताबिक चूरू में अब तक ये सबसे अधिक तापमान है। ऐसे में चूरू में गर्मी ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।
मौसम विभाग के अनुसार २५ वर्ष पहले सन् १९९३ में भी नौ जून को चूरू का अधिकतम तापमान ४९.८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस लिहाज से इस वर्ष एक जून को गर्मी ने २५ साल के जून महीनों की गर्मी का रिकॉर्ड भी तोड़ा है। ४९.० डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर राज्य में दूसरे स्थान पर रहा। भट्टी सी तपती सड़कों पर गर्मी के कारण दोपहर में सन्नाटा सा पसरा रहा। चूरू में दोपहर में आसमां से बरसती आग सी गर्मी के साथ लू के थपेड़ों ने लोगों की कनपटियां सेंक दी।
सुबह 11 से शाम पांच बजे तक लोग घरों में कूलर-पंखों के नीचे दुबके बैठे रहे। जरूरी कामों से घर से निकले लोग मुंह पर तौलिया लपेटकर गर्मी से बचाव करते नजर आए। नगर परिषद ने शहर की सड़कों पर दमकल से पानी का छिड़काव कर आमजन को गर्मी से राहत देने का प्रयास किया।
एक दिन में २.३ डिग्री की बढ़त
मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमापी पारे में एक दिन में २.३ डिग्री की बढ़त दर्जकी गई। ३१ मई को रहे ४८.५ डिग्री सेल्सियस से उछलकर तापमापी पारा एक जून को ५०.८ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
जानिए चूरू में क्यों पड़ती है अत्यधिक गर्मी
-चूरू ऐसा जिला है,जहां क्षेत्रफल के अनुपात में वनस्पति सबसे कम है।
-मरूभूमि में उगने वाले मरूस्थलीय पौधों की संख्या कम होती जा रही है। अनेक प्रकार की वनस्पति तो अब उगनी ही बंद हो गई।
-मरूस्थल जैसलमेर व बाड़मेर में भी है,लेकिन वहां के रेत के कणों की मोटाई ज्यादा है,चूरू की रेत के कण महीन है,इसलिए चूरू में मिट्टी जल्द गर्म होती है।
-ग्लोबल वार्मिंग का असर तो पूरे विश्व पर ही है,लेकिन चूरू में भूजल स्तर गिरता जा रहा है,इस कारण भी गर्मी का असर ज्यादा रहता है।
-जिले में एक भी नदी या बांध नहीं है,इसका असर ज्यादा तो नहीं है फिर भी थोड़ा फर्क तो पड़ता ही है।
(राजकीय लोहिया महाविद्यालय चूरू के भूगोल के व्याख्याता डॉ एमएम शेख के अनुसार)
राज्य में यहां इतना रहा तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
चूरू ५०.८ ३२.२
श्रीगंगानगर ४९.० २८.१
बीकानेर ४७.९ ३१.२
जैसलमेर ४७.२ ३१.५
कोटा ४६.० ३१.८
जोधपुर ४५.६ ३१.९
जयपुर ४५.२ ३१.७
अजमेर ४४.५ ३१.२
बाड़मेर ४४.५ २८.७
दिन में यूं चढ़ा पारा
समय तापमान अधिकतम
८.३० बजे ३७.०
11.३० बजे ४५.६
२.३० बजे ४८.८
५.३० बजे ५०.८
जानिए कब-कब रहा ४९ से ऊपर तापमान
वर्ष तापमान
०९ जून १९९३ ४९.८
26 मई १९९८ ४९.९
18 मई २०१६ ४९.१
१९ मई २०१६ ५०.२
०१ जून २०१९ ५०.८