
दौसा. प्रदेश में कर्मचारियों के लिए शुरू की गई पुरानी पेंशन योजना को लेकर अब नेताओं की बयानबाजी तेज हो गई है। महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को लेकर जो बयान दिया है, उसे साफ होता है कि यह सरकार इसे बंद करना चाहती है। भूपेश भाण्डारेज में स्कूल कक्षा-कक्ष लोकार्पण समारोह के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि 2004 के बाद के कर्मचारी अपने भविष्य के लिए केंद्र की जनविरोधी सरकार की खिलाफत करें। प्रदेश की सरकार हर सूरत में पुरानी पेंशन योजना चालू करने के तैयार है, लेकिन केंद्र सरकार तो इसे बंद करने पर लगी हुई है।
कथनी करनी में अंतर
प्रदेश में 13 जिलों की ईआरसीपी योजना को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि केंद्र सरकार के हालात एक अकेला सब पर भारी हो रहा है। देश के प्रधानमंत्री किसी राज्य, जिले में जाते हैं तो वहां कुछ देकर आते हैं, लेकिन दौसा में प्रधानमंत्री मोदी ने दौसा की जनता को ईआरसीपी के मामले में गुमराह किया है। उन्होंने लोगों सेडबल इंजन की सरकार लाने के लिए कहा लेकिन 25 सांसद जीता कर राजस्थान की जनता ने भेजे हैं, उसके बाद ही वे किए गए वादे ही भूल गए। इनकी करनी और कथनी में अंतर है।
