
दौसा. लवाण नगरपालिका के आबादी क्षेत्र गोल सर्किल पर बैरवा मोहल्ले में पावर ट्रांसफार्मर लगाने के लिए स्ट्रेक्चर खड़े करने को लेकर ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। सोना देवी,सीमा देवी, पार्षद मुकेश बैरवा, रामप्रसाद और भागोती देवी ने बताया कि बिजली विभाग कस्बे में 10 नए बिजली के ट्रांसफार्मर लगा रहा है।
निगम जिस जगह ट्रांसफार्मर लगा रहा है वहां ग्रामीणों की जमीन मंदिर के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र है। जो हादसे का भी कारण बन सकते है। पहले भी गोल सर्किल पर ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक मवेशी की करंट से मौत हो चुकी है, वहीं कई ग्रामीणों के करंट के झटके लग चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि किसी भी सूरत में आबादी क्षेत्र व निजी जमीन में ट्रांसफार्मर नहीं लगाने देंगे। ग्रामीण रामधन, खेमचंद और छोटी देवी ने बताया बिजली निगम ने खम्भाखड़ा करने के लिए सड़क के पास सात फीट गहरा गड्डा खोद दिया, उसमें भी रात को एक गाय गिर गई।जिसे ग्रामीणों ने मशक्कत कर बाहर निकाला।