
डूंगरपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई से डूंगरपुर जिले में पुलिस की शराब ठेकेदारों से मासिक बंधी के महाखेल का खुलासा हुआ है। एसपी की आड़ लेकर दो थानाधिकारियों के शराब तस्करों से लाखों की सौदेबाजी करना सामने आया है। एसीबी ने कोतवाली और धंबोला थानाधिकारी सहित चार जनों को गिरफ्तार कर रिश्वत के 8 लाख 30 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं। इसमें से ३.३० लाख रुपए गुरुवार को लिए, जबकि ५ लाख रुपए तीन दिन पहले लिया जाना बताया जा रहा है। इस प्रकरण में फरियादी ने एसपी के नाम से पैसे मांगने का आरोप लगाया है। हालांकि एसीबी ने प्रारंभिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है, बावजूद मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है।