ग्वालियर. मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ बुधवार, 28 जनवरी को जिला खेल परिसर कंपू के हॉकी मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के तहत महिला हॉकी, बैडमिंटन और पिट्टू खेलों का आयोजन 28 से 31 जनवरी तक किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अमित सांधी, उप पुलिस महानिरीक्षक, ग्वालियर ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुजान सिंह रावत, हॉकी के टूर्नामेंट डायरेक्टर राजीव खोसला, बैडमिंटन के बीडी गौर, पिट्टू के गुलाब सिंह चौहान एवं जिला ओलंपिक संघ के सचिव शिववीर सिंह भदौरिया विशेष रूप से मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी टीमें चैंपियन नहीं बन सकतीं, लेकिन जीत के लिए पूरे मन से प्रयास करना बेहद जरूरी है। प्रयास ही सफलता की दिशा तय करता है।
प्रतियोगिता में पिट्टू और बैडमिंटन में प्रदेश के 10 संभागों, जबकि महिला हॉकी में 29 जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। कुल मिलाकर लगभग 1050 खिलाड़ी और 200 अधिकारी-कर्मचारी इस आयोजन में सहभागिता कर रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जबकि आभार प्रदर्शन अरविंद सिंह राणा ने किया। कंपू खेल परिसर इन दिनों खेलों के उत्साह और युवा ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है।