इंदौर. दिनभर हुई बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। सड़कों पर लंबा जाम लगा। इससे वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। देवास नाका, बीआरटीएस,खजराना चौराहा, जीपीओ और निचली बस्तियों में कुछ जगह दोपहर तक जल जमाव के हालत रहे। शहरवासियों को लंबे समय से बारिश का इंतजार था, इसलिए जल जमाव की समस्या को नजरअंदाज किया, क्योंकि नगर निगम कंट्रोल रूम पर इससे संबंधित एक भी शिकायत नहीं पहुंची। उधर, बारिश से यशवंत सागर तालाब का जलस्तर बढ़ गया और शुक्रवार दोपहर 12 बजे करीब दो फीट तक एक गेट खोला गया। यशवंत सागर की क्षमता 19 फीट है। इस मानसून सीजन में दूसरी बार यह गेट खोला गया।