जबलपुर। इस माह महाकोशल का सियासी तापमान बढऩे वाला है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। जिसको लेकर सरकारी स्तर पर प्रयास शुरू हो गए हैं। इससे पहले 12 जून को कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का दौरा प्रस्तावित है। जिसको लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभी तक इन दोनों ही कार्यक्रमों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के संभावित 21 जून के दौरे से पहले जायजा लेने के लिए केंद्रीय दल जबलपुर पहुंचा। इसमें शामिल केंद्रीय आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव कविता गर्ग ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख खेल मैदानों गैरिसन ग्राउंड सदर, आयुर्वेद कॉलेज मैदान, गौरीघाट और रानीताल स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस सम्बंध में उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक भी की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रस्तावित प्रधानमंत्री के दौरे में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की हस्तियां भी शामिल होंगी। लिहाजा विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है।