जबलपुर। इस बार आखिरी दिन भी नौतपा का जोर नहीं चला। बादलों की मौजूदगी ने सूरज की तल्खी कम कर दी। बादल और हवा में आ रही नमी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हुई। महाकोशल के कई जिलों में अंधड़ के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम फिर बदल सकता है। शहर में सामान्यत: मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन सम्भाग के जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवा चल सकती है। गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना भी है। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास बना हुआ है। उसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है।