
जयपुर।
लगातार 12 दिनों से सरकार के खिलाफ अनशन कर रहे जहाजपुर कांग्रेस विधायक धीरज गुर्जर का अनशन सोमवार को समाप्त हो गया। एसएमएस अस्पताल में भर्ती विधायक धीरज गुर्जर का जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय एसएमएस अस्पताल पहुंचे और विधायक का अनशन समाप्त करवाया। इस दौरान अशोक गहलोत ने वसुंधरा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी ने अपने गुरु शरण छाबड़ा की ही सुध नहीं ली थी, तो धीरज गुर्जर की क्या लेते। साथ ही गहलोत ने मुफ्त बिजली की घोषणा को चुनावी जुमला बताया। गहलोत ने इस दौरान शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक बीजेपी सरकार को जमकर घेरा।