
जयपुर. दक्षिण पश्चिमी मानसून राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में सक्रिय हो गया है। देर शाम से लेकर देर रात तक कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। जयपुर में सुबह 5.30 बजे तक 4 इंच पानी बरसा। बारिश के दौर से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम केंद्र के अनुसार भारी बारिश का तंत्र पश्चिमी राजस्थान की ओर सक्रिय हो रहा है। पांच जिलों में आज मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को भी तेज बारिश हुई। करीब 11.6 इंच बारिश हुई, जिससे शहर जाम सा हो गया।
राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में गुरुवार को भी तेज बारिश हुई। प्रदेशभर में कई जगहों पर खेतों में पानी भर गया, जिससे फसलें खराब हो गई। किसान फसलों को देख परेशान होते रहे। फुलेरा तहसील के अधिकांश ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को सुबह हुई भारी बरसात से खेत लबालब हो गए। पानी भरने से खेतों में बोई गई फसलें बर्बाद हो गई। इस संबंध में ग्राम मोजूदा के किसान भंवर सिंह, प्रहलाद सिंह, करनाराम गुर्जर, लक्ष्मण लाल यादव, सुरेश यादव, सीताराम यादव और इकबाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया की गुरुवार को बरसात के कारण ग्राम मोरूदा, श्रीराम पुरा, हबशपुरा, हछुकडा, सोलावता, अटलपुरा, पानवा गोशाला सहित सभी आसपास के खेतों में पानी से भर जाने से लगभग 600 बीघा से अधिक जमीन में बोई गई मूंगफली, चवला, मूंग, मोठ, ग्वार आदि की फसलें चौपट हो गई। इस संबंध में किसानों ने फुलेरा तहसीलदार को ज्ञापन देकर फसलों की गिरदावरी कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।