
जयपुर/भीलवाड़ा
भीलवाड़ा में कलक्ट्रेट पर अनशन के दौरान हालत बिगडने के बाद जहाजपुर विधायक धीरज गुर्जर को शुक्रवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी ओर, गुर्जर के समर्थन में टावर पर चढऩे का सिलसिला शुक्रवार दूसरे दिन भी जारी रहा। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा हिरण व जिला महासचिव सुशीला जाट रीको एरिया स्थित टावर पर चढ़ गईं। सात घंटे बाद नीचे उतरते ही प्रतापनगर पुलिस ने दोनों को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। दोनों को टावर पर चढऩे के लिए उकसाने के आरोप में कांग्रेस नेता मोहम्मद हारून रंगरेज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कृषि उपज मंडी समिति, भीलवाड़ा डेयरी व जिला दूरसंचार कार्यालय परिसर स्थित टावर पर चढ़े एनएसयूआइ के सभी 13 कार्यकर्ता भी नीचे उतर आए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। विधायक को जयपुर ले जाए जाने के बाद कलक्ट्रेट के सामने उनके समर्थकों ने धरना-अनशन जारी रहा।
आठ दिन से अन्न त्याग कर कलक्ट्रेट पर बैठे विधायक गुर्जर की गुरुवार देर रात उस समय हालत बिगड़ गई थी, जब उनके समर्थक व कांग्रेस पदाधिकारी अनशन समाप्त करने का आग्रह कर रहे थे। गुर्जर को महात्मा गांधी राजकीय चिकित्सालय के आइसीयू में भर्ती कराया गया था।