जयपुर. गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में रविवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। व्यास पीठ से डॉ. अजय भारद्वाज ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व एक शिष्य के जीवन का सौभाग्य है। एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना के साथ गायत्री एवं महामृत्युंजय मंत्र के साथ यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित की। शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा ने बताया कि इस मौके पर समाधि स्थल सजल श्रद्धा और प्रखर प्रज्ञा पर गुरु चरण पादुका पूजन किया गया। मनु महाराज और गायत्री प्रसाद ने नए साधकों को गुरू दीक्षा दी। यज्ञोपवीत, पुसंवन, नामकरण सहित अन्य संस्कार भी कराए गए।
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित श्री वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केंद्र मेंगुरू पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। सुबह गुरु पूजन के बाद नौ कुंडीय यज्ञ हुआ। बड़ी संख्या में नए साधकों को गुरु दीक्षा दी गई। गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर विभिन्न कार्यक्रम हुए।
गायत्री शक्तिपीठ वाटिका में गुरु पूर्णिमा में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ हुआ और नए साधकों को गुरू मंत्र की दीक्षा दी गई । गायत्री चेतना केन्द्र जनता कॉलोनी, दुर्गापुरा, वैशालीनगर, मुरलीपुरा, गांधीनगर, प्रतापनगर, मालवीयनगर में भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव भक्तिभाव से मनाया गया।