
जयपुर। भले ही आज मैं ‘बैड न्यूज़’ फिल्म का प्रमोशन करने जयपुर पहुंचा हूं, लेकिन आप सभी फैंस की दीवानगी देखकर मेरा मन एक गुड न्यूज़ सुनाने का कर रहा है। मुझे उम्मीद है कि यह गुड न्यूज़ सुनकर जयपुरवासियों को अच्छा लगेगा। यह कहना है बॉलीवुड स्टार विक्की कौशल का। पिंकसिटी में अपनी आगामी फिल्म ‘बैड न्यूज़’ का प्रमोशन करने पत्रिका कार्यालय पहुंचे विक्की कौशल और एमी विर्क ने फैंस के साथ अपने अनुभव साझा किए।
‘बैड न्यूज़’ फिल्म के प्रमोशन पर बात करते हुए विक्की कौशल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुझे लगता है कि मेरे लिए जयपुर मेरे लिए काफी लकी है। दरअसल, मैंने अब तक जितनी भी फिल्मों का प्रमोशन जयपुर में किया है, उनसे मुझे काफी लोकप्रियता मिली है। इस लिहाज से मैं दिल से कह सकता हूं कि जयपुर मुझे हमेशा गुड न्यूज़ देता है।
प्रमोशन के दौरान फैंस की भारी तादाद के बीच विक्की कौशल और एमी विर्क ने ‘तौबा तौबा’ गाने पर डांस मूव्स कर सभी को दीवाना बना डाला। ‘तौबा-तौबा’ गाने के स्टेप पर विक्की ने जहां डांस किया, वहीं उन्होंने जयपुरवासियों को जमकर नचाया। गौरतलब है कि विक्की कौशल के ‘तौबा तौबा’ गाने में अपने डांस मूव्स से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। ‘तौबा-तौबा’ में विक्की का डांस देखकर कई सेलेब्स ने उनकी जमकर तारीफ की, जिसमें सलमान खान और रितिक रोशन भी शामिल रहे हैं।