
जयपुर। राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल आज से खुल गए है। इसके साथ ही नए सत्र में आज से कक्षाएं एक बार फिर शुरू हो गई है। 45 दिन के लंबे अंतराल के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुले स्कूलों में बच्चों के आगमन के साथ ही सूने पड़े स्कूल भवनों में फिर से रौनक आ गई। छोटे बच्चों को स्कूल छोड़ने माता-पिता आए तो अधिकांश बच्चे स्कूल वाहनों से आए। पहले दिन ही सभी बच्चे यूनीफार्म में नजर आए। बच्चों के चेहरे पर चमक साफ दिखाई दी। पहले दिन स्कूलाें के बाहर काफी गहमा-गहमी नजर आई। वहीं सुबह सड़कों पर भी यातायात का दबाव रहा। इधर, सरकारी स्कूलों में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत आज शाला प्रवेशोत्सव के साथ हुई। नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए अधिकांश सरकारी स्कूलों में शिक्षक समय से पहले स्कूल पहुंच गए थे। वहीं कुछ जगहों पर स्कूल खुलने से पहले ही विद्यार्थियों का पहुंचना प्रारंभ हो गया था। सरकारी और निजी स्कूलों में हर कालांश के बाद घंटी की आवाज सुनाई देगी।