
राहुल मीणा (फोटो सोशल मीडिया)
Delhi IRS Officer Daughter Murder: दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक 22 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी राहुल मीणा को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है। वह द्वारका इलाके के एक होटल में छुपा हुआ था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया।
युवती एक वरिष्ठ आयकर (IRS) अधिकारी की बेटी थी। पड़ोसियों के अनुसार, वह बेहद मेहनती और अनुशासित लड़की थी। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद वह यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और उसे भरोसा था कि वह सिविल सेवक बनेगी। वह सोशल मीडिया से दूर रहती थी और शायद ही कभी घर से बाहर निकलती थी।
बुधवार सुबह करीब छह बजे पीड़िता के माता-पिता जिम जाने के लिए घर से निकले। घर में युवती अकेली थी। राहुल मीणा पहले से पास के आस्था कुंज पार्क में छिपकर इंतजार कर रहा था। जैसे ही माता-पिता निकले, वह घर में घुस गया।
राहुल को घर की हर बारीकियां पता थीं। वह करीब सात-आठ महीने तक इसी घर में नौकर के रूप में काम कर चुका था। उसे पता था कि घरेलू सहायकों के लिए घर की चाबी मुख्य दरवाजे के लेटर बॉक्स में रखी जाती है। उसी चाबी से वह घर में दाखिल हुआ और करीब 41 मिनट तक अंदर रहा।
पुलिस जांच के अनुसार, राहुल ने सो रही युवती पर लाठी से हमला किया जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। युवती ने जमकर विरोध किया। कमरे का बिखरा सामान और शरीर पर संघर्ष के निशान इसके गवाह हैं। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया। वारदात के बाद वह घर से कीमती सामान भी चुरा ले गया।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में पीली टी-शर्ट पहने एक शख्स कंधे पर बैग लटकाए भागता दिखा। वहीं, एक स्थानीय कार सफाई कर्मचारी ने बताया कि उसने राहुल को उस घर से निकलते देखा था और चाय ऑफर की थी, जिसे राहुल ने मना कर दिया।
पुलिस की एक टीम राजगढ़ (अलवर) पहुंची और राहुल के चाचा को उठाया। पता चला कि राहुल ने अपना और अपने भाई व दोस्त के तीन मोबाइल फोन चाचा के जरिए बेचवा दिए थे। इसके बाद पुलिस ने इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद से पता लगाया कि राहुल गुड़गांव में रहने वाले अपने कजिन से इंस्टाग्राम मैसेंजर पर संपर्क में था। कजिन को पकड़ा गया और टेक्निकल सर्विलांस से राहुल को द्वारका के होटल में ट्रैस कर लिया गया।
राहुल को करीब डेढ़ महीने पहले इसी घर से नौकरी से निकाला गया था। वजह थी बिलों में हेराफेरी और पड़ोसियों से IRS अधिकारी के नाम पर उधार लेना। एक पड़ोसी से उसने करीब डेढ़ लाख रुपए तक का कर्ज ले लिया था। नौकरी जाने के बाद से वह अंदर ही अंदर रंजिश पालता रहा और बदला लेने की फिराक में था।
मंगलवार शाम करीब सात बजे राहुल अपने दोस्त को बाइक पर बैठाकर अलवर जिले के एक गांव में शादी समारोह में ले गया। वहां दोस्त रुक गया, लेकिन राहुल वापस आने का बहाना बनाकर लौट गया। रात करीब 10:30 बजे वह दोस्त के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। दोस्त की पत्नी को लगा शायद उसका पति आ गया और उसने दरवाजा खोल दिया।
राहुल ने इसी का फायदा उठाया और महिला के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। रात साढ़े 10 बजे महिला ने रोते हुए अपने पति को फोन किया और आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बुधवार को दिल्ली की घटना की खबर सुनने के बाद हिम्मत जुटाकर राजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पीड़िता का पति और राहुल दोनों ऑनलाइन लूडो जुआ खेलते थे और दोनों ने इसमें काफी पैसा गंवाया था।
अलवर में दुष्कर्म करने के बाद राहुल ने 190 किलोमीटर का सफर तय किया और बुधवार तड़के दिल्ली पहुंच गया। वह राजगढ़ के एक निजी अस्पताल की ईको वैन को एम्बुलेंस के तौर पर 6 हजार रुपए में किराए पर लेकर आया था। अमर कॉलोनी पहुंचकर उसने ड्राइवर को पैसे दिए बिना ही वहां से पैदल घर की तरफ चल दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि राहुल को ऑनलाइन सट्टेबाजी और वीडियो गेम खेलने की गहरी लत थी। इस लत ने उसे कर्ज के जाल में फंसाया। उसने IRS अधिकारी के पड़ोसियों और दुकानदारों से उनके नाम पर उधार लिया। शिकायतें बढ़ीं तो डेढ़ महीने पहले नौकरी गई। नौकरी जाने की यह टीस धीरे-धीरे बदले की आग बन गई।
अलवर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 7 अलग-अलग टीमें गठित की हैं और आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। राजस्थान पुलिस जल्द ही दिल्ली पुलिस से आरोपी की कस्टडी मांग सकती है। दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर दोनों मामलों को जोड़ते हुए जांच कर रही है।
राहुल मीणा 12वीं पास है। वह तीन भाइयों में बीच का है। वह अलवर जिले के राजगढ़ का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ बलात्कार, हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसका पुलिस वेरिफिकेशन हुआ था या नहीं। फिलहाल, उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से सबूत एकत्र कर लिए हैं और यौन उत्पीड़न की पुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि पुख्ता सबूत जुटा लिए गए हैं और बलात्कार, हत्या और डकैती के आरोप में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
डीसीपी (दक्षिण पूर्व) हेमंत तिवारी ने कहा, हमने इस मामले में पुख्ता सबूत जुटाए हैं और एक ठोस मामला बनाएंगे, ताकि उसे कानून में निर्धारित सबसे कड़ी सजा मिल सके।
Updated on:
23 Apr 2026 12:19 pm
Published on:
23 Apr 2026 11:57 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
