
आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज (फोटो- पत्रिका)
Pregnant Woman Harassed Malviya Nagar Jaipur: मध्यप्रदेश का आदतन अपराधी राहुल घुरैया उर्फ राज जयपुर में न सिर्फ फरारी काट रहा था। बल्कि अपना आपराधिक नेटवर्क भी मजबूत कर रहा था। उसने सांगानेर और प्रतापनगर में कई बदमाशों से संपर्क बना रखे थे और उन्हें अवैध हथियार भी उपलब्ध करवाए।
बता दें कि वह ढाई साल से जयपुर में था। किराए के मकान में रहा और स्पा सेंटर में काम किया, लेकिन पुलिस को उसकी भनक तक नहीं लगी। उसके रहने और काम की व्यवस्था भी स्थानीय बदमाशों ने ही की थी।
गौरतलब है कि मालवीय नगर सेक्टर 9 (जवाहर सर्कल थाना) में आरोपी ने एक राहगीर गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की थी। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट भी दी, लेकिन पुलिस ने मामला रफा-दफा कर दिया।
हालांकि, बाद में छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस की भारी लापरवाही उजागर हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए कई जगह दबिश दी, इस बीच आरोपी ने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में जवाहर सर्कल थाना पुलिस उसे गिरफ्तार करके जयपुर लाई।
आरोपी राहुल एके-47 लेना चाहता था और पाकिस्तान की एक वेबसाइट से संपर्क में था। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो अपलोड करने पर एमपी पुलिस उसके पीछे लग गई और वह जयपुर आ गया था।
आरोपी राहुल से पूछताछ के बाद पुलिस ने कई बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि राहुल ने प्रतापनगर के एक आदतन अपराधी को हथियार सप्लाई किया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अवैध पिस्टल बरामद कर ली है।
इतना ही नहीं, राहुल ने स्पा सेंटर संचालक बाबूलाल बराला को भी अवैध पिस्टल दी थी। सूत्रों के मुताबिक, बराला का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। सांगानेर में कुछ महीनों पहले हुए एक झगड़े में भी इन आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
राहुल के एक अन्य साथी छोटा राज (मध्यप्रदेश निवासी) से भी प्रतापनगर में देसी कट्टा बरामद किया गया है।
राहुल को शरण देने के मामले में निवाई (टोंक) निवासी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ और पीपलू निवासी बाबूलाल बराला को गिरफ्तार किया गया है। इनका भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों ही जयपुर में स्पा सेंटर चला रहे थे, लेकिन पुलिस ने कभी इनका वेरिफिकेशन करने की जहमत नहीं उठाई।
सिद्धार्थ और बाबूलाल ही नहीं, बल्कि राहुल का भी वेरिफिकेशन नहीं कराया गया। जिन लोगों ने इन्हें स्पा सेंटर के लिए प्रॉपर्टी दी, उन्होंने भी नियमों को ताक पर रखकर वेरिफिकेशन नहीं करवाया। आरोपी राहुल के विरुद्ध तो 17 आपराधिक मामले सामने आए हैं।
Updated on:
23 Apr 2026 09:56 am
Published on:
23 Apr 2026 09:37 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
