जयपुर। कोटपूतली में सोमवार से बोरवेल में फंसी मासूम चेतना को बाहर निकालने के लिए अब प्रशासन ने रैट माइनर्स को सुरंग में उतारा है। पाइलिंग मशीन से गहरी खुदाई करने के बाद अब बच्ची तक पहुंचने के लिए आज एक आठ फीट की टनल बनाई जा रही है। इसका काम सुबह दस बजे से शुरू हो गया है। इसमें एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान दो-दो का ग्रुप बनाकर फावड़े और अन्य औजार से खुदाई करते हुए बच्ची तक पहुंचेंगे। हालांकि बच्ची का मूवमेंट करीब चार दिन से नहीं दिख रहा है। उस पर कैमरों से नजर रखी जा रही है। माना जा रहा है कि सब कुछ सही रहा तो आज दोपहर बाद तक बच्ची को निकाल लिया जाएगा। कोटपूतली के किरतपुर गांव पर सबकी नजर है। लोगों की जुबान पर एक ही प्रार्थना है कि चेतना सकुशल लौट आए…। कोटपूतली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि सब कुछ सही रहा तो 4 धंटे में रेस्क्यू कार्य कंप्लीट करते हुए बच्ची को निकाल लिया जाएगा। मौके पर अति. जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण, जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत बचाव कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं।