
कोटपूतली-बहरोड़. जिले में थाना बासदयाल क्षेत्र के ग्राम खोहरी में पांच दिन पूर्व बुजुर्ग दम्पती पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को बासदयाल थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
6 जनवरी को परिवादी भूदादास (60वर्ष) निवासी ढाणी मिसराला तन खोहरी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई की 5 जनवरी की शाम करीब 5.30 बजे आरोपी रामकरण, ताराचंद, राकेश, सुभाष, नरेश, प्रकाश, ओमी, मुकेश, और अन्य महिलाओं सहित कुल 13 लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। उन्होंने अचानक हमला करते हुए भूदादास और उनकी वृद्ध पत्नी कमली देवी पर कुल्हाड़ी और लाठियों से वार किए।
हमले के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग दम्पती को घर से बाहर घसीट कर भी मारपीट की। जब उनकी पुत्रवधु सुमन ने बचाने की कोशिश की तो ओमी ने उसे धक्का देकर अपमानित करने का प्रयास किया। इस हमले में परिवादी और उनके परिवार को गंभीर चोटें आईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वृताधिकारी राजेंद्र बुरडक और बासदयाल थानाधिकारी किशनलाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामकरण पुत्र सगा दास स्वामी (45वर्ष ) निवासी ढाणी मिसराला तन खोहरी, थाना बासदयाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।