
जितेन्द्र रांगेय / जयपुर। श्याम नगर क्षेत्र में स्थित एक विवाह-स्थल से लाखों रुपए के गहने व नकदी से भरा बैग पार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि महाराणा प्रताप कॉलोनी खातीपुरा निवासी अनिल सारस्वत ने मामला दर्ज करवाया है। इसके मुताबिक श्याम नगर सब्जी मण्डी के पास स्थित एक मैरिज गार्डन में छह मार्च को बेटी के विवाह-समारोह के दौरान रात करीब सवा 11 बजे सारस्वत ने बैग स्टेज के पीछे रख दिया। इसके बाद वह रिश्तेदारों के साथ फोटो खिंचवाने लगे। कुछ देर बाद बैग गायब मिला। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि बैग में सोने-चांदी के गहने व करीब 3 लाख रुपए थे। विवाह-स्थल में मौजूद वीडियो कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक लड़का बैग उठाकर ले जाते दिखा।