
जयपुर। राजधानी जयपुर में सुबह से बारिश का दौर जारी है। जयपुर में शाम पांच बजे बाद अचानक भारी बारिश शुरू हुई। रफ्तार के साथ आई बारिश ने आधे घंटे में ही सड़कें लबालब कर दीं। शाम करीब सात बजे तक बारिश का दौर चला। दो घंटे में ही जयपुर में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो गई। रात नौ बजे तक जयपुर में करीब 150 मिमी यानी छह इंच बारिश दर्ज हुई। भारी बारिश से शहर अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कें लबालब हो गईं। आलम यह था कि वाहन बहने लग गए। परकोटे में दुकानों के अंदर पानी भर गया। सड़कों पर रात 10 बजे तक जाम के हालात रहे। मौसम केन्द्र के अनुसार गुरुवार को भरतपुर, जयपुर, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में भारी व कहीं अतिभारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 17 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इसी प्रकार पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर व जोधपुर संभाग में आगामी 3-4 दिन कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ मध्यम से लेकर भारी बारिश होने के आसार हैं। उदयपुर संभाग में भी आगामी दिनों में बारिश होने की संभावना है।