– बीती रात आठ बजे से शुरू हुआ बारिश का दौर अलसुबह तक चला
– प्रदेश के कई जिलों में मानसूनी बारिश का दौर जारी
जयपुर। राजधानी जयपुर सहित लगभग पूरे प्रदेश पर इस बार मानसूनी बादल जमकर मेहरबान हो रहे हैं और इस पूरे सीजन में जमकर बारिश का दौर चल रहा है। राजधानी जयपुर में बीत रात आठ बजे से शुरू हुआ बारिश का दौर अलसुबह तक जारी रहा। आज सवेरे भी घने बादल छाए हुए हैं और तेज बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस बार पूरे प्रदेश में जमकर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार राजधानी जयपुर पर मानसूनी मेघ जमकर मेहरबान हो रहे हैं। मौसम विभाग ने कल जयपुर में तेज बारिश की चेतावनी जारी की थी। रात आठ बजते ही पूरे शहर में बादलों की गरज व बिजली की गड़गड़ाहट के साथ मानसूनी मेघ जमकर बरसे। आज सवेरे भी पूरे शहर पर बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज भी राजधानी जयपुर में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश से जयपुर शहर की लाइफ लाइन बीसलपुर डेम में भी पानी की आवक लगातार बनी हुई है और बांध छलकने के बहुत करीब पहुंच गया है। वहीं प्रदेश के सीमावर्ती जिले बीकानेर में भी आज सुबह तेज बारिश का दौर चला। बारिश का यह दौर दो घंटे तक चला। इससे शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। वहीं भीलवाड़ा जिले के अरवड़ कस्बे में भी बीती रात तेज बारिश का दौर चला। इससे अरवड़ बांध का चल स्तर साढ़े 10 फीट पहुंच गया। बांध का भराव क्षमता 24 फीट है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।