– गुलाबी नगर में आज सवेरे से छाई हुई काली घटाएं
– गर्मी हुई छूमंतर, मौसम में ठंडक का अहसास
जयपुर। राजधानी जयपुर पर इस समय मेघ मेहरबान हैं। आज सवेरे से काली घटाएं उमड़ आई और बारिश शुरू हुई। पूरे शहर में हो रही बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। ऐसा लग रहा था जैसे स्वयं ही मेघ मल्हार गा रहे हैं। मौसम विभाग ने आज जयपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जयपुर के अलावा पूरे प्रदेश में मानसूनी बादल जमकर बरस रहे हैं। इससे कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने कहा, बारिश का यह दौर आगामी दिनों में जारी रहने की संभावना है।
राजधानी जयपुर में आज सवेरे से ही काली घटाएं छाई रही। करीब सात बजे से हल्की बारिश शुरू हुई, जो बाद में मूसलाधार बारिश में बदल गई। बारिश के चलते लोग की आज सुबह देर से हुई और जिनको जरूरी काम था, वे ही घर से बाहर निकले। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में आज भारी बारिश की संभावना है। वहीं प्रदेश के पश्चिम जिलों व सरहदी जिलों में मानसूनी बादल जमकर बरस रहे हैं। इन जिलों में जगह-जगह पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। वहीं जयपुर की लाइफ लाइन बीसलपुर डेम में भी पानी की आवक लगातार जारी है।
बीसलपुर डेम छलकने से ढाई मीटर दूर
सिंचाई विभाग के अनुसार जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध के जलस्तर में पिछले 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई और बांध का गेज सुबह 6 बजे 311.90 आएल मीटर दर्ज किया गया। बांध की कुल जलभराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है और अब भी बांध छलकने से करीब ढाई मीटर दूर है। हालांकि बांध में पानी की आवक त्रिवेणी से हो रही है और अभी त्रिवेणी में पानी का बहाव 2.50 मीटर पर चल रहा है। इसके चलते बांध में भी पानी की आवक लगातार बनी हुई है।