
– राजधानी जयपुर सहित प्रदेश में देर रात तक जमकर बरसे मेघ
– कई जगह जलभराव की समस्या, लोग भरे पानी को निकलते रहे
जयपुर। प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय है। राजधानी जयपुर में कल दिनभर से लेकर आज तड़के तक बारिश का दौर चला। इस कारण जगह-जगह जलजमाव की िस्थति पैदा हो गई। जयपुर में रात को भी काफी देर तक बारिश हुई। ऐसे ही हालात जयपुर जिले में देखने को मिले। जानकारी के अनुसार, बगरू, चाकसू, कानोता, बस्सी, शाहपुरा व कोटपूतली क्षेत्र में जमकर बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस समय पूरे राजस्थान में सक्रिय है। इस कारण प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर चल रहा है। बारिश के चलते बस्सी उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सांभरिया में ढूंढ नदी बहाव क्षेत्र में बाड़ा पदमपुरा से जोड़ने वाले दोनों सड़क मार्ग पर आवागमन पिछले 24 घंटे से अधिक समय से पूर्णतः बंद रहा। कानोता बांध की तलहटी से गुजर रही नायलारामरतनपूरा से सुमेल जयपुर को जोड़ने वाली सड़क चादर चलने के बाद पानी के बहाव से टूट गई है। वहीं श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़, सिदुवाला व घड़साना में भी बारिश का दौर जारी है। डबलीराठान में गुरुवार दिन में व आधी रात से बाद तड़के चार बजे तक बारिश हुई। बारिश से कस्बे में जल जमाव हो गया।
घग्घर में फिर आया पानी
घग्घर के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही अच्छी बरसात के चलते शुक्रवार को घग्घर में फिर से पानी की आवक शुरू हो गई। घग्घर में पिछले बीस दिनों के भीतर आज दूसरी बार पानी आया है। घग्घर में नौ जुलाई को पानी आया था जो दो दिन चला था। इसके बाद शुक्रवार को ही पानी की आवक हुई है। घग्घर में पानी की आवक से घग्घर के धान उत्पादक किसानों को फायदा होगा।