– पुलिस ने 3.50 लाख के माल सहित दो आरोपी दबोचे
जयपुर- कोटपूतली-बहरोड़। पुलिस थाना मांढण ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत सफलता हासिल करते हुए थाना क्षेत्र के डाबडवास गांव में 26 जनवरी को हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर आरोपियों से चोरी किया गया 3,50000 रूपए कीमत का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।
चोरी की वारदात
डाबडवास गांव में एसएस कम्युनिकेशन नाम से मोबाइल शॉप चलाने वाले प्रवीण कुमार यादव ने 26 जनवरी की सुबह जब दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गया। दुकान के शटर के दोनों ताले कटे हुए थे और अंदर से कई महंगे एंड्राइड मोबाइल, टैबलेट और कैश गायब था। पीड़ित व्यापारी ने तुरंत मांढण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के निर्देश पर थानाधिकारी रामकिशोर शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पंजाब के रहने वाले दो आरोपियों रोहित कुमार पुत्र आशीष (24वर्ष ) निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का, पंजाब व चरणजीत सिंह उर्फ आकाश सिंह पुत्र केवल सिंह (21वर्ष ) निवासी जंडवाला, जिला श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पीसी रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनके ठिकाने से 3.50 लाख रुपए कीमत के महंगे एंड्राइड स्मार्टफोन,टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम, चोरी की गई नकदी 2,450 रुपए सहित चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
पुलिस की आमजन व व्यापारियों से अपील
पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदेहास्पद घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दें। साथ ही व्यापारियों से अपील है कि अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और सुरक्षा उपायों को मजबूत करें।
इनका कहना है—-
“गिरफ्तार किए गए अपराधी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं और अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस इनसे और गहराई से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके।”
रामकिशोर शर्मा, थानाधिकारी, मांढण