
– पश्चिमी विक्षोभ का असर हुआ समाप्त
जयपुर। राजधानी जयपुर में आज सवेरे मौसम का मिजाज एक बार फिर से खुशनुमा नजर आया। कल दिनभर बादलवाही के चलते धूप-छांव की िस्थति रही। वहीं आज सवेरे मौसम साफ दिखाई दिया और कड़ाके की धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं प्रदेश के पूर्वी अंचल में दो दिन पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दिया। आज वहां भी मौसम साफ दिखाई दिया। सरहदी जिलों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद अब प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। सर्दी का जोर भी हल्का ही रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज सवेरे राजधानी जयपुर में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप खिलने से मौसम खुशनुमा नजर आया। वहीं शेखावाटी अंचल में अभी सर्दी का जोर बना हुआ है और श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ में कहीं-कहीं हल्का कोहरा नजर आया।
पुरवाई हवा का जोर
प्रदेश में इन दिनों पुरवाई हवा चल रही है। इससे फरवरी में ही मौसम अप्रैल जैसा नजर आने लगा है। तल्ख धूप के कारण दिन में पंखे की जरूरत महसूस होने लगी है। मौसम केंद्र के अनुसार बीती शाम से नए सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वा हवाएं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर प्रदेश तक पहुंच रही हैं। इसके असर से प्रदेश के उत्तर पूर्व व पश्चिम के 15 से ज्यादा शहरों में हल्की बारिश हुई। राजधानी जयपुर में बीती कल दिनभर धूप-छांव की िस्थति चलती रही। वहीं आज सवेरे कड़क धूप खिलने से मौसम साफ नजर आया।
10 से ज्यादा शहरों में रात में मौसम गर्म
जयपुर समेत 10 से ज्यादा शहरों में बीती रात पारा सामान्य से ज्यादा रहा। अजमेर 15.8, भीलवाड़ा 15.9, जयपुर 16.7, कोटा 17.8, डबोक 15, चित्तौड़गढ़ 14.0, धौलपुर 15.5, अंता बारां 14.6, सिरोही 12.2, वनस्थली 13.8, फतेहपुर 12.5, करौली 14.2, बाड़मेर 13.8, जोधपुर 15.8, फलोदी 13.6 और जालोर में 14.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।