– गुलाबी नगर में आज सवेरे मौसम साफ रहा
जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बीते चार-पांच दिन से जयपुर में पड़ रही कड़ाके की सर्दी से आज थोड़ी सी राहत मिलती दिखी। जयपुर में आज सवेरे कड़क धूप खिलने से लोगों को तीखी सर्दी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल दो दिन तेज सर्दी से राहत मिलेगी। इसके बाद पांच जनवरी से बन रहे पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर बारिश होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं ने नए साल की शुरूआत से पूरे उत्तर भारत को ठिठुरा दिया है। हालांकि अभी दो दिन तीखी से सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद है। गलन रहने की संभावना कम है। इसके बाद फिर से तेज सर्दी का दौर शुरू होगा। सप्ताहभर में एक साथ दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तर पश्चिम इलाकों में वीकेंड से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण फिर से बारिश, घना कोहरा छाने की चेतावनी दी हैं
प्रदेश के पूर्वी इलाकों के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटे में तेज सर्दी की िस्थति रही। हालांकि रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई, लेकिन हाड़कंपाने वाली सर्दी से राहत नहीं मिलीं सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में बीती रात पारा 4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बारां, श्रीगंगानगर जिले के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहारा भी छाया रहा।